शिक्षा विभाग ने बदला अर्द्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम, अब 20 नवंबर से 2 दिसंबर तक होंगी परीक्षाएं
भीलवाड़ा। शिक्षा विभाग ने इस सत्र में अद्र्धवार्षिक परीक्षाओं के कार्यक्रम में बड़ा संशोधन करते हुए तिथियों को आगे बढ़ा दिया है। अब ये परीक्षाएं 20 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होंगी। पहले यह परीक्षा 12 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित थी।
विभाग ने शिविरा पंचांग में संशोधन करते हुए नई तिथियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही संशोधित पंचांग जारी किया जाएगा। इस बार राज्य में नए जिलों के गठन के बाद पहली बार परीक्षा का आयोजन 41 जिलों के आधार पर किया जाएगा। पहले यह योजना 33 जिलों पर आधारित थी।
भीलवाड़ा सहित सभी नए जिलों का डेटा अब शाला दर्पण पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि इससे परीक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन और परिणाम प्रक्रिया में सभी जिलों में एकरूपता लागू होगी।
विभाग ने वार्षिक परीक्षा कार्यक्रम भी तय कर दिया है। कक्षा 6 से 12वीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 10 से 25 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परिणाम घोषणा 31 मार्च तक की जाएगी। 10वीं और 12वीं (बोर्ड) की परीक्षाएं 12 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी, जबकि 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं 20 मार्च तक पूरी कर ली जाएंगी। नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, राज्य समान परीक्षा योजना के तहत पूरे प्रदेश में एक समान प्रश्न-पत्र और मूल्यांकन पद्धति लागू की गई है। नए जिलों के गठन के बाद यह व्यवस्था और अधिक पारदर्शी होगी, जिससे विद्यार्थियों के प्रदर्शन का तुलनात्मक और एकसमान मूल्यांकन संभव हो सकेगा।
