मेजा बांध की बायीं नहर खोली 21 गांवों की भूमि होगी सिंचित
भीलवाड़ा । जल संसाधन विभाग ने शुक्रवार शाम 4:15 बजे मेजा बांध की बायीं मुख्य नहर का संचालन शुरू कर दिया। इससे पहले एक्सईएन हितेश मेघवाल, एईएन जगदीश डांगी और जेईएन धीरज बेनीवाल ने बांध स्थल पर भगवान वरुण देव की पूजा-अर्चना की। 34 किमी लंबी इस नहर से 48 घंटे में महुआ खुर्द टेल तक पानी पहुंच जाएगा।
नहर की लगातार निगरानी के लिए विभाग ने चार अधिकारियों और 11 निजी पर्यवेक्षकों को तैनात किया है, जो 24 घंटे मॉनिटरिंग करेंगे। इस नहर से 21 गांवों की लगभग 12,600 एकड़ भूमि में सिंचाई होगी। रबी फसल की रेलणी के लिए नहर का संचालन 40 दिन तक किया जाएगा। इसके बाद पहली पिलाई 18 दिसंबर और दूसरी पिलाई 31 जनवरी से शुरू की जाएगी।
दोनों बार नहर 28-28 दिन तक संचालित रहेगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष अच्छी बरसात के चलते बांध में वर्तमान में 28.70 फीट पानी उपलब्ध है, जिससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलेगी। इधर, शहर से होकर गुजरने वाली दांयीं मुख्य नहर 26 अक्टूबर को खोली जाएगी, जिससे मांडल और सुवाणा पंचायत समितियों के 31 गांवों की 33,400 एकड़ भूमि में सिंचाई का लाभ मिलेगा।