बारिश में भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट पहुंचे यूआईटी लॉटरी के सफल आवेदक

Update: 2025-10-27 11:12 GMT

भीलवाड़ा। सोमवार को बारिश के बीच यूआईटी की लॉटरी में सफल आवेदक जिला कलेक्टर को धन्यवाद देने कलेक्ट्री पहुंचे। मुखर्जी पार्क से इकट्ठा होने के बाद सभी आवेदक जुलूस के रूप में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचे और जिला कलेक्टर को लॉटरी प्रक्रिया के लिए धन्यवाद दिया।

यूआईटी द्वारा 16 अक्टूबर को आठ आवासीय योजनाओं के लिए कुल 3081 भूखंडों की लॉटरी निकाली गई थी। लॉटरी निकलने के साथ ही इसकी प्रक्रिया पर गड़बड़ी के आरोप लगे और बड़ी संख्या में लोगों ने इसका विरोध किया। वहीं, आज इसी विरोध के बीच कुछ सफल आवेदक बरसते पानी में छाते लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, यूडीएच मंत्री तथा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह सिंधु का आभार प्रकट किया।

सफल आवेदकों ने जिला कलेक्टर को एक पत्र भी सौंपा। इसमें उन्होंने लिखा कि यूआईटी की आवासीय योजनाओं की लॉटरी उनके लिए नई शुरुआत लेकर आई है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से पूरी की गई है, जिसके लिए सरकार और प्रशासन के प्रति वे आभारी हैं। साथ ही उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि सफल आवंटियों को यूआईटी से नियमानुसार आवंटन पत्र शीघ्र जारी किए जाएं।

गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को भीलवाड़ा नगर निगम सभागार में निकाली गई इस लॉटरी में कुल 86,239 आवेदन शामिल हुए थे। लॉटरी के बाद से लगातार विरोध जारी है। असफल आवेदक लॉटरी प्रक्रिया में गड़बड़ी और धांधली के आरोप लगाते हुए जांच की मांग कर चुके हैं। जिला कलेक्टर ने इस संबंध में तकनीकी जांच के लिए एक समिति गठित की है, जो वर्तमान में मामले की जांच कर रही है।

Similar News