50 ब्रिटिश भारतीय गायकों ने “वैष्णव जन तो” से दी गांधी को संगीतमय श्रद्धांजलि, भीलवाड़ा की बेटी ने किया निर्देशन

Update: 2026-01-29 12:32 GMT

 भीलवाड़ा मूलचन्द पेसवानी। भारतीय संस्कृति के मानवीय मूल्यों को विश्व मंच तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास यूनाइटेड किंगडम में देखने को मिला, जहां गीतांजलि ललित कला अकादमी की ओर से महात्मा गांधी को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा मूल की निर्देशक डॉ अंजली शर्मा तिवारी के नेतृत्व में 50 ब्रिटिश और ब्रिटिश भारतीय गायकों ने गांधीजी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो की सामूहिक प्रस्तुति दी। यह प्रस्तुति 30 जनवरी को गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जारी की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को गांधी के विचारों से जोड़ना और संगीत के माध्यम से सत्य, अहिंसा, करुणा तथा सेवा जैसे मूल्यों का संदेश फैलाना रहा। डॉ अंजली शर्मा तिवारी ने बताया कि वैष्णव जन तो भजन दूसरों के दुख को अपना समझने और सेवा भाव से जीवन जीने की प्रेरणा देता है, इसी कारण यह गांधीजी को अत्यंत प्रिय था। इस भावना को केंद्र में रखकर इस संगीतमय परियोजना को तैयार किया गया।

गीतांजलि अकादमी की निदेशक जयिता घोष के मार्गदर्शन में 50 प्रतिष्ठित गायकों को एक मंच पर लाया गया। अकादमी लंबे समय से विदेशों में भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं के प्रचार प्रसार का कार्य कर रही है। इस परियोजना का रचनात्मक निर्देशन डॉ अंजली शर्मा तिवारी और सुनील जाधव ने किया, जिन्होंने भजन की आत्मा और गांधी के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

रिकॉर्डिंग और संगीत संयोजन लंदन के मिल हिल स्टूडियो में कौशिक शुक्ला द्वारा किया गया, जिससे प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी गुणवत्ता मिली। इस कार्यक्रम को वैष्णव जन तो महात्मा गांधी को 50 ब्रिटिश भारतीय आवाजों की संगीतमय श्रद्धांजलि नाम दिया गया है, जिसे नई पीढ़ी की आवाज में शाश्वत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

डॉ अंजली शर्मा तिवारी ने कहा कि यह सामूहिक गायन केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि देशों और पीढ़ियों को जोड़ने वाला सांस्कृतिक सेतु है। इस प्रयास ने यह साबित किया कि संगीत सीमाओं से परे होता है और भारतीय संस्कृति के मूल संदेश आज भी पूरी दुनिया को दिशा देने की क्षमता रखते हैं।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Similar News