आसींद में पति-पत्नी के झगड़े के बाद महिला की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप
भीलवाड़ा। आसींद के कटार गांव में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झालरा निवासी आशु राम मेघवंशी ने आसींद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन रतनी देवी मेघवंशी (40) का विवाह लगभग 20 वर्ष पहले कटार निवासी सूरजमल सालवी से हुआ था। शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद रतनी देवी बेहोश हो गईं।
शनिवार सुबह पति सूरजमल सालवी रतनी देवी को आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पति ने पीहर पक्ष को फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी और आसींद पहुंचने को कहा।
आरोप है कि पीहर पक्ष के आसींद पहुंचने से पहले ही पति ने शव को अपने गांव कटार ले गया। इससे पीहर पक्ष को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को वापस आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में भिजवाया। सब-इंस्पेक्टर हंसपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पीहर पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। इसके बाद महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। सभी आवश्यक सैंपल ले लिए गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम के बाद पीहर पक्ष शव को अपने गांव झालरा ले जाने पर अड़ा रहा, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया। इसके बाद कटार गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
