भीलवाड़ा: वाहन मालिकों को आरसी नवीनीकरण में बड़ी राहत, 31 मार्च तक विलंब शुल्क में भारी कटौती
भीलवाड़ा हलचल। जिले के निजी वाहन मालिकों के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी राहत भरी खबर दी है। आरसी (पंजीकरण प्रमाण पत्र) नवीनीकरण के नियमों में बदलाव करते हुए भारी-भरकम पेनल्टी के प्रावधान को सीमित कर दिया गया है। सरकार की बजट घोषणा के बाद अब वाहन मालिक कम खर्च में अपनी पुरानी गाड़ियों का पंजीकरण रिन्यू करा सकेंगे, लेकिन इसके लिए 31 मार्च की समय सीमा निर्धारित की गई है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, भीलवाड़ा जिले में वर्ष 2021 से फरवरी 2026 तक करीब 2 हजार ऐसे वाहन चिन्हित किए गए हैं जिनकी आरसी की अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन मालिकों ने अब तक नवीनीकरण नहीं कराया है। पहले हर महीने लगने वाली पेनल्टी से वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था, जिसे अब एकमुश्त निर्धारित कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च के बाद डिफॉल्टर वाहनों के खिलाफ सख्त जब्ती और चालान की कार्रवाई की जाएगी।
अब कितना लगेगा विलंब शुल्क: नए नियम एक नजर में
बजट प्रावधानों के तहत विलंब शुल्क की अधिकतम सीमा तय कर दी गई है, जिससे हजारों वाहन स्वामियों को फायदा मिलेगा:
दोपहिया वाहन: पहले लगने वाले भारी जुर्माने की जगह अब अधिकतम 1000 रुपये एकमुश्त विलंब शुल्क देना होगा।
ट्रैक्टर: पहले 500 रुपये प्रति माह की दर से पेनल्टी लगती थी, जिसे अब अधिकतम 2500 रुपये एकमुश्त कर दिया गया है।
बाहरी राज्यों के वाहन: अन्य राज्यों में पंजीकृत ट्रांसपोर्ट वाहन यदि बिना टैक्स जमा कराए जिले में संचालित पाए गए, तो उन पर कर के अलावा 10 गुना शास्ति (पेनल्टी) वसूल की जाएगी।
सीईवी (CEV) वाहन: इन पर कर के अलावा 15 गुना शास्ति का प्रावधान किया गया है।
माइनिंग व्यापारियों और वाहन मालिकों से अपील
परिवहन विभाग ने विशेष रूप से माइनिंग और व्यापारिक कार्यों में लगे वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने वाहनों का बकाया टैक्स और आरसी नवीनीकरण शुल्क जमा करा दें। 31 मार्च के बाद किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी और सघन चेकिंग अभियान चलाकर भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
