भीलवाड़ा में चेटीचंड महापर्व की धूम: 15 मार्च से शुरू होंगे भव्य आयोजन

Update: 2026-03-07 08:52 GMT

भीलवाड़ा  (मूलचन्द पेसवानी)। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के प्राकट्य दिवस 'चेटीचंड महापर्व 2026' को लेकर भीलवाड़ा के सिंधी समाज में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। इस वर्ष महापर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

शिक्षाविदों का सम्मान और ज्योति प्रज्वलन

सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रविवार, 15 मार्च को प्रातः 11 बजे नाथद्वारा सराय स्थित झूलेलाल मंदिर में होगा। हेमराजमल साहब सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रथम चरण में समाज के उत्कृष्ट शिक्षाविदों और शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। इसी दिन शाम को मंदिर परिसर में पूज्य बहराणा साहब की स्थापना के साथ पवित्र ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके बाद देर रात तक भजन-संगत और पारंपरिक छेज नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी।

एकता वाहन रैली और मुख्य समारोह

समाज में एकजुटता का संदेश देने के लिए गुरुवार, 19 मार्च को सुबह 9:30 बजे चित्रकूट धाम से एक विशाल 'एकता वाहन यात्रा' निकाली जाएगी। महापर्व का मुख्य आयोजन शुक्रवार, 20 मार्च को दादा साहब हेमराज मल भगत झूलेलाल मंदिर में संपन्न होगा। इस दिन सुबह सामूहिक मुंडन और यज्ञोपवीत संस्कार होंगे, जिसमें देश के विभिन्न कोनों से आए बालक सम्मिलित होंगे।

विशाल शोभायात्रा से गूंजेगा शहर

उत्सव का चरमोत्कर्ष 20 मार्च की शाम 5 बजे होगा, जब मंदिर परिसर से सकल सिंधी समाज की भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। भगवान झूलेलाल की मनमोहक झांकियों और भक्ति संगीत के साथ यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट करेंगे।

Similar News