श्री बालाजी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब: हनुमत यज्ञ और बड़-पीपल विवाह महोत्सव संपन्न

By :  vijay
Update: 2026-03-21 13:51 GMT

भीलवाड़ा। भूपालपुरा स्थित श्री बालाजी मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित हनुमत यज्ञ एवं बड़-पीपल विवाह महोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और धर्म का लाभ लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंगल कलश धारण किए महिलाएं मंगल गान करती हुई बालाजी धाम पहुंचीं। इसके पश्चात विद्वान पंडितों के सानिध्य में पवित्र हनुमत यज्ञ का आयोजन किया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण बड़ और पीपल का विवाह रहा, जिसे पूरे विधि-विधान और रस्मों-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। विवाह के उपरांत भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और आरती की गई।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस विशाल आयोजन में संतों का सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनमें हरनी से श्री कठियावाले बाबा, निंबार्क आश्रम से महंत मोहन शरण शास्त्री और माधु दास की बगीची से लाल बाबा शामिल रहे। वहीं, राजनीतिक हस्तियों में सांसद दामोदर अग्रवाल, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी और बाबूलाल टांक ने शिरकत की। समिति के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया।

समारोह में भूपालपुरा सहित आसपास के गांवों और कॉलोनियों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने इस धर्म उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में विशाल प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें सभी भक्तों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।

Similar News