गाडरमाला में गायत्री परिवार का तीन दिवसीय आयोजन, कलशयात्रा के साथ हुआ शुभारंभ
भीलवाड़ा। गाडरमाला में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्रोच्चार के साथ भव्य कलशयात्रा द्वारा किया गया।
कलश यात्रा कार्यक्रम स्थल से प्रारंभ होकर बड़ी स्कूल, व्यास जी का चौक, रावता का चौक तथा मुख्य बाजार मार्ग से होती हुई पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। यात्रा के समापन पर मां गायत्री की आरती के साथ मंगल कलश की विधिवत स्थापना की गई।
कलशयात्रा में शामिल युवाओं ने सनातन धर्म के जयघोष लगाए तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश लिखी तख्तियां हाथों में लेकर जनजागरण का संदेश दिया। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
यात्रा में शामिल महिलाएं भजन-कीर्तन और नृत्य करते हुए आगे बढ़ रही थीं। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित श्रद्धालुओं ने आयोजन को भक्ति और उल्लास से भर दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलशयात्रा का स्वागत किया गया।