जगद्गुरु रामानन्दाचार्य महाराज के जन्मोत्सव पर भीलवाड़ा में निकली शोभायात्रा

Update: 2026-01-09 07:08 GMT

भीलवाड़ा। जगद्गुरु रामानन्दाचार्य महाराज के 726वें जन्मोत्सव के अवसर पर भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर वैष्णव बैरागी समाज की ओर से आज विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। यह आयोजन वैष्णव बैरागी सेवा संस्थान भीलवाड़ा एवं समस्त वैष्णव बैरागी समाज भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे दूदाधारी मंदिर, सांगानेर गेट से हुआ। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा दूदाधारी मंदिर से प्रारंभ होकर श्री गेस्ट हाउस, महाराणा टॉकीज, सूचना केंद्र, गोल प्याऊ चौराहा, रेलवे स्टेशन, कलेक्ट्री रोड, परशुराम सर्किल और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए रामानन्द भवन देवा दास जी की बगीची पहुंचेेेगी, जहां इसका समापन होगा।

शोभायात्रा के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उन्होंने जगतगुरु रामानंदाचार्य जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

अखिल भारतीय वैष्णव बैरागी परिषद के प्रदेशाध्यक्ष सोहन वैष्णव ने बताया कि जगतगुरु रामानंदाचार्य जी महाराज ने सनातन हिंदू समाज की परंपराओं को सुदृढ़ करने और भक्ति मार्ग को जन-जन तक पहुँचाने में अभूतपूर्व योगदान दिया। उन्होंने कहा कि महाराज के बताए मार्ग पर चलना ही समाज के लिए सच्ची सेवा है।

इस भव्य आयोजन में वैष्णव समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित हुए। शोभायात्रा के दौरान वातावरण "जय श्री राम" और "रामानंदाचार्य महाराज की जय" के उद्घोष से गुंजायमान रहा। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा। समापन स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी का भोग लगाया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण की जाएगी। 

Tags:    

Similar News