भीलवाड़ा। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापू नगर में पीएम श्री गतिविधियों के अंतर्गत जेंडर इक्वलिटी कार्यक्रम के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। चार सप्ताह से संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम सप्ताह में छात्राओं को विशेष व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भीलवाड़ा की कालिका पेट्रोलिंग की कमांडो राजकुमारी चौधरी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि विषम परिस्थितियों में किस प्रकार संयम बनाए रखते हुए स्वयं की सुरक्षा की जा सकती है। साथ ही दैनिक उपयोग में आने वाली सामान्य वस्तुओं को आवश्यकता पड़ने पर किस तरह आत्मरक्षा के साधन के रूप में उपयोग किया जा सकता है, इसका प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया।
संस्था प्रधान श्रीमती सुनीता नानकानी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता विकसित करना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में स्वयं का बचाव कर सकें।
शारीरिक शिक्षक एवं प्रशिक्षण शिविर की प्रभारी पुष्पा अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राओं में साहस और आत्मविश्वास का संचार होगा तथा वे भविष्य की विकट परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार होंगी। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता एम. कोडिश ने किया।