आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की प्रथम मासिक बैठक बन का खेड़ा में आयोजित

Update: 2026-02-11 11:05 GMT

आकोला (रमेश चंद्र डाड)। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की प्रथम मासिक बैठक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बन का खेड़ा के वीसी रूम में आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर राजकीय आयुर्वेद औषधालय के प्रभारी डॉ. मुकेश वैष्णव ने बताया कि मुख्यमंत्री के बजट घोषणा 2025-26 के तहत, भीलवाड़ा जिले की बन का खेड़ा ग्राम पंचायत को आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना की पायलट परियोजना के लिए चुना गया है। इस पहल के माध्यम से, चयनित गांवों को आदर्श गांवों के रूप में विकसित किया जाएगा जो स्वस्थ, तंबाकू मुक्त और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे।

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से, चयनित गांव में प्रत्येक व्यक्ति के प्रकृति (वात, पित्त, कफ) का परीक्षण किया जाएगा, और बीमारियों की रोकथाम के लिए पूर्वानुमानित उपचार, दवा और आहार संबंधी परामर्श प्रदान किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य संबंधी खर्च को कम करना, स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और आयुर्वेद सहित पारंपरिक स्वदेशी चिकित्सा पद्धतियों की सार्वजनिक स्वीकार्यता को मजबूत करना है।

इस योजना के तहत, निर्धारित 18 स्वास्थ्य संकेतकों में 100% उपलब्धि हासिल करने पर ग्राम पंचायत को 11 लाख रुपये का प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रमुख घटकों में प्रकृति परीक्षण, एनीमिया परीक्षण, रक्तचाप और शर्करा की जांच, तंबाकू मुक्त वातावरण, टीबी और खसरा-रूबेला उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, पूर्ण टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्रोफाइल का रखरखाव और मोतियाबिंद की स्क्रीनिंग आदि शामिल हैं।

इस योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए, ग्राम स्तर पर आरोग्य मित्र और आरोग्य सखियों का चयन और प्रशिक्षण किया जाएगा। वे प्रत्येक वार्ड और बस्ती में स्वास्थ्य जागरूकता, घरेलू उपचार, औषधीय पौधों के उपयोग, योग-व्यायाम, पोषण और नशामुक्ति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इस योजना के संचालन के लिए आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सूचना एवं जन संपर्क, वन विभाग और यूनिसेफ के साथ समन्वय करेंगे। बैठक में प्रधानाचार्य बरदा लाल रेगर, चिकित्साधिकारी सीएचसी सवाईपुर डॉ. राहिल बेग मिर्जा, सीएचसी देवेंद्र सिंह राणावत, नर्स लाड कुमारी आचार्य, एएनएम आशा धोबी, कृषि अधिकारी भूरी मीणा, आशाएं जुबेदा, सीमा, ज्ञाना, सीता, विमला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ललिता, अनीशा, माया सरोज, सुमित्रा, चंचल, अध्यापक रामेश्वर लाल कुमावत और उमेश कुमार खटीक, नेहरू युवा मंच के सदस्य समाज सेवी शंकर लाल जाट उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News