किसानों को राज्य सरकार देगी मधुमक्खी पालन पर 40 प्रतिशत अनुदान
भीलवाड़ा। किसानों की आय बढ़ाने और वैकल्पिक आजीविका को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य सरकार अब मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देगी। इसके तहत मधुमक्खी पालक किसानों को 40 प्रतिशत अनुदान पर बी-बॉक्स, बी-कॉलोनी, बी-कीपिंग किट और बी-बॉक्स माइग्रेशन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह अनुदान कृषक कल्याण कोष से वहन किया जाएगा।
उद्यान विभाग के अनुसार मधुमक्खी पालन के इच्छुक किसान राजकिसान साथी पोर्टल के माध्यम से ई-मित्र केंद्र पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसान के पास कम से कम 0.40 हेक्टेयर भूमि होना आवश्यक है। आवेदन के साथ छह माह से अधिक पुरानी नई जमाबंदी की नकल, उद्यान से पंजीकृत फर्म का कोटेशन तथा आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा।
अनुदान राशि 60:40 के अनुपात में दो वर्षों में दी जाएगी। पहले वर्ष 60 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाएगा, जबकि दूसरे वर्ष शेष 40 प्रतिशत राशि मधुमक्खियों की जीवितता के पुनः सत्यापन के बाद दी जाएगी।
इस योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसान, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के किसान, महिला कृषक तथा मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक लाभार्थी को अधिकतम 50 बी-बॉक्स और 50 बी-कॉलोनी तक का अनुदान दिया जाएगा।
मधुमक्खी पालन से किसानों की आय में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि की संभावनाएं हैं। यह कृषि से जुड़ा एक टिकाऊ व्यवसाय है जो फसल परागण में भी सहायक भूमिका निभाता है।
