फाग महोत्सव में भक्ति और गुलाल की वर्षा के बीच झूमीं स्वर्णकार समाज की महिलाएँ

Update: 2026-03-07 06:45 GMT

भीलवाड़ा । शहर के ऐतिहासिक जूनावास स्थित सुनारों के मंदिर में बीती रात स्वर्णकार समाज की महिलाओं द्वारा फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। फाल्गुन मास की मस्ती और आध्यात्मिक उल्लास के इस संगम में समाज की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण होली के रंगों में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भगवान के दरबार में दीप प्रज्वलन और भजनों के साथ हुआ। जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजी, मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण गुलाब के फूलों की वर्षा रही, जहां श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर पंखुड़ियां बरसाकर पारंपरिक तरीके से होली खेली। भजनों की मधुर धुनों पर महिलाएं और बच्चे देर तक झूमते रहे।

पारंपरिक फाग गीतों के बीच बच्चों के उत्साहपूर्ण नृत्य ने उत्सव की रौनक दोगुनी कर दी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। मीडिया प्रभारी ज्योति कुंदन सोनी ने बताया कि समारोह में स्वर्णकार महिला मंडल की अध्यक्ष संजना सोनी, मंत्री रेखा डसानिया, मंगला सोनी, रज्जु, कृष्णा सोनी, उषा सोनी, बिंदु सोनी, अक्षु, वर्षा सोनी, इन्द्रा सोनी और आशा सोनी सहित समाज की कई गणमान्य महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।

Tags:    

Similar News