सावधानी से टली बड़ी ठगी: भीलवाड़ा में 80 वर्षीय बुजुर्ग को 7 दिन रखा डिजिटल अरेस्ट, बैंक मैनेजर ने बचाए 9 लाख

Update: 2026-02-04 03:48 GMT


​भीलवाड़ा शहर में साइबर ठगों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। एक सजग बैंक मैनेजर की सूझबूझ ने 80 वर्षीय बुजुर्ग की जीवनभर की कमाई के 9 लाख रुपए ठगे जाने से बचा लिए। ठगों ने बुजुर्ग को लगातार 7 दिनों तक 'डिजिटल अरेस्ट' रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था।

​सिम कार्ड और अश्लील गतिविधियों का डर दिखाया

​घटना सुभाष नगर राम मंदिर क्षेत्र की है। 21 जनवरी को संपतलाल महात्मा (80) के पास एक व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताकर डराया कि उनके नाम से मुंबई में जारी एक सिम का उपयोग अश्लील गतिविधियों में हो रहा है।

​7 दिनों तक बनाया मानसिक दबाव

​जब बुजुर्ग ने इससे इनकार किया, तो कॉल को कथित 'कोलाबा मुंबई पुलिस' को ट्रांसफर कर दिया गया। वीडियो कॉल पर बाकायदा मुंबई पुलिस का लोगो दिखाकर बुजुर्ग को डराया गया। ठगों ने उन्हें 7 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा और किसी को भी जानकारी न देने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया। इस दौरान ठगों ने बुजुर्ग के बैंक खातों और एफडी (FD) की पूरी जानकारी हासिल कर ली।

​बैंक मैनेजर की सतर्कता से बची राशि

​डर के साये में बुजुर्ग अपनी एफडी तुड़वाने राजस्थान ग्रामीण बैंक पहुंचे। वहां के बैंक मैनेजर महेंद्र शर्मा को बुजुर्ग की घबराहट देखकर संदेह हुआ। जब एफडी तुड़वाकर राशि खाते में डाली गई, तो मैनेजर ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए राशि के ट्रांसफर पर रोक लगा दी। बैंक मैनेजर की इस तत्परता के कारण बुजुर्ग के 9 लाख रुपए सुरक्षित बच गए।

Similar News

प्रतापगढ़: पुलिस का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' सफल,: किराना दुकान की आड़ में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी, 5 करोड़ की एमडी बरामद