बहरोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध विस्फोटक सामग्री का जखीरा पकड़ा, 367 कार्टन पटाखों के साथ एक गिरफ्तार

Update: 2026-04-10 13:23 GMT


अलवर/बहरोड़। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बहरोड़ थाना पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध पटाखों और बारूद की खेप बरामद करते हुए एक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।

गश्त के दौरान मिली सूचना पर दी दबिश

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 9 अप्रैल को बहरोड़ थाना पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नारायणपुर रोड स्थित एक मकान में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री छिपाई गई है। पुलिस टीम ने बिना देरी किए उक्त मकान पर दबिश दी।

367 कार्टन बारूद बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मकान की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। वहां से कुल 367 कार्टन अवैध विस्फोटक सामग्री (पटाखा/बारूद) बरामद की गई। पुलिस ने मौके से उपेन्द्र (48) पुत्र रामनिवास महाजन, निवासी पुराना बाजार बहरोड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी विस्फोटक सामग्री रखने का कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

बड़ी साजिश या अवैध व्यापार? जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस पहलू पर जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बारूद कहाँ से लाया गया था और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

Similar News