फिल्मी अंदाज़ में भागे रिश्वतखोर कॉन्स्टेबल को पकड़ने के लिए जान की बाजी लगाने वाला ACB जवान गंभीर रूप से घायल; झुंझुनू रेफर

Update: 2026-04-10 13:08 GMT


झुंझुनू  । झुंझुनू जिले के चिड़ावा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एक कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को सनसनीखेज घटनाक्रम देखने को मिला। रिश्वतखोर कॉन्स्टेबल ने एसीबी की टीम को देखते ही सरकारी जीप लेकर फरार होने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए एसीबी टीम का एक जांबाज कर्मचारी 'फिल्मी अंदाज़' में जीप के गेट पर लटक गया, लेकिन फरार कॉन्स्टेबल ने सड़क किनारे खड़ी एक कार से सटाकर जीप निकाली, जिससे टकराकर एसीबी जवान नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

रिश्वत लेते ही भनक लगने पर भागा कॉन्स्टेबल

जानकारी के अनुसार, जयपुर एसीबी की टीम ने चिड़ावा थाने के बाहर कॉन्स्टेबल को ट्रैप करने के लिए जाल बिछाया था। मामला शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे का है। आरोप है कि चिड़ावा थाने में तैनात ड्राइवर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने किसी मामले में रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी थी। सत्यापन के बाद जयपुर से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र पंचौली के नेतृत्व में एसीबी टीम कार्रवाई के लिए चिड़ावा पहुंची।

कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने परिवादी को पैसे देने के लिए थाने के पास बुलाया था। दोपहर 1:25 मिनट पर जैसे ही परिवादी ने पैसे दिए और एसीबी टीम ने अनिल कुमार को घेरने की कोशिश की, उसे कार्रवाई की भनक लग गई। अनिल कुमार तुरंत थाने की जीप लेकर चिड़ावा बाईपास की तरफ भागा।

जान पर खेल गया एसीबी जवान, कॉन्स्टेबल हुआ फरार

जैसे ही कॉन्स्टेबल अनिल कुमार भागने लगा, एसीबी टीम का एक कर्मचारी लक्ष्मी नारायण (कांस्टेबल) तुरंत ड्राइवर साइड की ओर जीप के गेट पर चढ़ गया। उसने कॉन्स्टेबल को रोकने की हरसंभव कोशिश की। लेकिन, जीप को तेज गति से दौड़ाते हुए अनिल कुमार ने करीब 250 मीटर दूर सड़क किनारे खड़ी एक कार से सटाकर अपनी गाड़ी निकाली। इससे लक्ष्मी नारायण सड़क पर खड़ी कार से जोरदार तरीके से टकराकर नीचे गिर गया।

इस हादसे में लक्ष्मी नारायण को पैर, सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और कार के पीछे का कांच भी टूट गया। एसीबी टीम के अन्य कर्मचारी और डीएसपी सुरेंद्र पंचौली ने कुछ दूर तक पैदल ही दौड़कर पीछा किया, लेकिन अनिल कुमार सरकारी जीप लेकर फरार हो गया। घायल लक्ष्मी नारायण को तुरंत एंबुलेंस की मदद से चिड़ावा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने झुंझुनू रेफर कर दिया।

रिश्वत की मांग और फरार होने का कारण

एसीबी डीएसपी सुरेंद्र पंचौली ने बताया कि लकड़ियों का अवैध परिवहन करने वाली गाड़ी के ड्राइवर से कॉन्स्टेबल अनिल कुमार बार-बार रिश्वत मांग रहा था। उन्होंने कहा, "शिकायत मिलने के बाद वेरिफिकेशन किया गया। शुक्रवार को हमारी टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। परिवादी ने अनिल कुमार को पैसे दे दिए, जिसके बाद उसने जीप में बैठकर उसे घुमाकर थाने की साइड लगा लिया। जैसे ही हमारी टीम आगे बढ़ी, उसने रिवर्स लेकर गाड़ी को बाईपास की ओर दौड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान हमारे कॉन्स्टेबल लक्ष्मीनारायण गेट से लटक गए और घायल हो गए। हमारी टीम ने सरकारी गाड़ी को बरामद कर लिया है।"

अधिकारी का बयान और कॉन्स्टेबल की तलाश

चिड़ावा थाना अधिकारी कैलाश चंद्र ने कहा कि जयपुर से एसीबी टीम आई है। "कार्रवाई क्या चल रही है, इसकी जानकारी अभी नहीं दे सकते। एसीबी अधिकारी ही आगे की जानकारी देंगे।" दूसरी ओर, एसीबी की टीम के अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। फरार कॉन्स्टेबल अनिल कुमार की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News