आईपीएल सट्टेबाजी में धांधली का खुलासा, युवक को गिरफ्तार किया; 9 लाख से अधिक का का सट्टा पकड़ा

Update: 2026-04-10 13:20 GMT


श्रीगंगानगर, । श्रीगंगानगर में जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट पर सट्टेबाजी के आरोप में एक युवक को कल देर रात गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विकास उर्फ विक्की भार्गव निवासी गली नंबर 2, इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक एसएसबी रोड पर रिद्धि सिद्धि आंगन कॉलोनी की ओर पैदल जा रहा था, तभी उसे चेकिंग पकड़ा गया।आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। दोनों फोनों में क्रिकेट सट्टेबाजी से संबंधित ऐप्स, आईडी और पासवर्ड मिले हैं। फोनों की प्रारंभिक जांच में सट्टे का पूरा हिसाब-किताब, लेन-देन का रिकॉर्ड और बड़ी राशि के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। एक फोन में 9 लाख 632 पॉइंट्स दिखाई दिए। पूछताछ में विकास भार्गव ने पुलिस को बताया कि आईडी में जितने पॉइंट्स होते हैं, उन्हें उतने ही रुपये माना जाता है। इस प्रकार उसकी आईडी में 9 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा होने का खुलासा हुआ है।

पुलिस जांच में और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। विकास भार्गव ने बताया कि उसके पास क्रिकेट सट्टे की एक मास्टर आईडी है। वह इसी मास्टर आईडी से दूसरों के लिए यूजर आईडी और पासवर्ड बनाकर उन्हें देता था। मैच के दौरान आईडी में हार-जीत के आधार पर पॉइंट्स बढ़ते-घटते थे। जो लोग पॉइंट्स जीत जाते थे, उन्हें वह भुगतान नहीं करता था, जबकि पॉइंट्स कम होने पर वह रुपये वसूल कर लेता था। इस तरह वह युवाओं के साथ धोखाधड़ी का खेल खेल रहा था।

पुलिस के अनुसार विकास भार्गव ने बड़ी संख्या में युवाओं के मोबाइल फोनों में क्रिकेट सट्टा और पर्ची सट्टा की ऐप्स इंस्टॉल कर रखी थीं। वह प्रतिदिन इन ऐप्स के जरिए बड़ी-बड़ी राशियों का सट्टा लगाता था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी के दोनों मोबाइल फोनों की गहन जांच जारी है। फोनों से और अधिक युवाओं के नाम, उनके सट्टेबाजी के लेन-देन और संदिग्ध आईडी की जानकारी निकाली जा रही है।

Similar News