पाली। परिवार में शादी के चलते खरीदारी कर वापस लौटते समय एक पिकअप के सड़क हादसे का शिकार हो जाने से चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों में शामिल बेटी की गंभीर हालत देख उसकी मां का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने बड़ी मुश्किल से उसे संभाला।
जानकारी के अनुसार गागुड़ा गांव में 11 जनवरी को फारूख की शादी होनी है। इसी को लेकर परिवार के लोग पिकअप में सवार होकर शादी का सामान खरीदने पाली आए थे। खरीदारी के बाद सभी लोग वापस गागुड़ा शिवपुरा की ओर जा रहे थे।
सरदारसमंद के पास सड़क पर अचानक मवेशी आ जाने से चालक ने पिकअप पर तेज ब्रेक लगाए। इससे वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में पिकअप में सवार चार जने घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान दूल्हा फारूख भी अस्पताल में मौजूद रहा और घायलों को भर्ती करवाने में जुटा रहा। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।