चित्तौड़गढ़, । श्रीयादे माटी कला बोर्ड की ओर से जिले की पांच विधानसभाओं के 83 प्रशिक्षित कुंभकार और दस्तकारों को विद्युत चलित चाक और मिट्टी गुंथने की मशीनें नि:शुल्क वितरित की गईं। वितरण कार्यक्रम होटल शिवम फोर्ट व्यू में आयोजित हुआ।
मुख्य अतिथि भोलाराम प्रजापत ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार माटी कला के कारीगरों के विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है। आधुनिकतम मशीनों के उपयोग से कामगारों का उत्पादन और आय दोनों बढ़ेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु प्रजापति ने की। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार और माटी कला बोर्ड द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई मशीनें कामगारों के रोजगार और जीवन स्तर को सुदृढ़ करेंगी।
बोर्ड के सीईओ डॉ. राहुलराज ने इसे कारीगरों को आधुनिक तकनीक से लैस करने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि विद्युत चालित चाक और मिट्टी गुंथने की मशीन से लागत व मेहनत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और आय में वृद्धि होगी।