देवगढ़ में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ संयुक्त अभियान, कपड़े की थैलियां वितरित
राजसमंद। देवगढ़ कस्बे में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय एवं नगर पालिका देवगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कस्बे में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और इसके उपयोग से परहेज करने की अपील की गई।
स्थानीय लोगों को जागरूक करने के लिए कपड़े की निशुल्क थैलियां भी वितरित की गईं तथा प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी अशोक जेलिया ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र की सब्जी मंडी, आसपास की दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सब्जी विक्रेताओं के ठेलों और आम नागरिकों से संवाद किया गया।
अधिकारियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक से मिट्टी, जल स्रोतों, पशुओं और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वच्छ और हरित पर्यावरण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। अभियान के दौरान दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं और आमजन को निशुल्क कपड़े के थैले वितरित किए गए।