गाय का शिकार करने आया लेपर्ड कुएं में गिरा, ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

राजसमंद (हलचल)। जिले के बिनोल गांव में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक **लेपर्ड (तेंदुआ)** गाय का शिकार करने की कोशिश में खेत के **कुएं में जा गिरा**। गनीमत रही कि गाय बच गई और तेंदुआ कुएं में फंस गया, जिसे रेस्क्यू टीम ने **करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।**
यह घटना रघुनाथपुरा गांव की है, जहां कजोड़ सिंह राजपूत के खेत के पास बनी कुएं पर गाय बंधी हुई थी। दोपहर करीब तीन बजे लेपर्ड ने गाय पर झपटने की कोशिश की लेकिन संतुलन बिगड़ने से खुद कुएं में गिर गया।
आवाज़ सुन खेत मालिक कजोड़ सिंह मौके पर पहुंचे और कुएं में झांक कर देखा तो लेपर्ड फंसा हुआ था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना **वन विभाग** को दी।
मौके पर पहुंचे **बिनोल नाके के वनरक्षक सुरेश चंद्र खटीक** के नेतृत्व में रेंजर **सत्यानंद गरासिया**, ट्रैंकुलाइजर शूटर **सुरेंद्र सिंह**, वन्य जीव प्रेमी **पन्नालाल कुमावत**, **घनश्याम पुरबिया**, **अटल सिंह**, **गिरधारी लाल सेनी** व **तेजपाल** की टीम ने कुएं में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया।
तेंदुआ उस समय **कुएं के पानी में तैर रहा था**। टीम ने जाल डालकर उसे धीरे-धीरे ऊपर खींचा और **सुरक्षित बाहर निकाला गया**। बाद में तेंदुए की **मेडिकल जांच** करवाई गई और आगे की कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जा रही है।