नन्द घर गोरेला में पोषण आधारित खिचड़ी रेसिपी कार्यक्रम आयोजित

Update: 2026-02-03 17:37 GMT


 

नाथद्वारा दर्पण पालीवाल,। अनिल अग्रवाल फाउंडेशन एवं जतन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गोरेला स्थित नन्द घर पर पोषण आधारित खिचड़ी रेसिपी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोर-किशोरियों तथा नन्द घर पर पंजीकृत बच्चों को सही पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना रहा।

जतन संस्थान की क्लस्टर सुपरवाइजर शैफाली गुर्जर ने बताया कि संतुलित व पौष्टिक आहार अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला है। उन्होंने खिचड़ी को हल्का, पौष्टिक, संतुलित एवं सम्पूर्ण पोषणयुक्त भोजन बताते हुए इसे बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों को नियमित रूप से देने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों द्वारा हरी मिर्च, आलू, टमाटर, चावल, हरा धनिया, गरम मसाला, जीरा, राई आदि सामग्री लाकर केंद्र पर ही खिचड़ी तैयार की गई तथा उसके पोषण महत्व को समझाया गया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आनंद कुंवर ने गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन करने के तरीकों की जानकारी दी, जिससे माता एवं शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें। साथ ही नन्द घर पर पंजीकृत बच्चों को दिए जाने वाले साप्ताहिक गर्म पोषाहार को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट बनाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में गर्भवती व धात्री माताओं को टीकाकरण की जानकारी दी गई तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आनंद कुंवर, सहायिका कंकू रेबारी, जागरूक महिला लीला रेबारी, गमेती, संतोष रेबारी, शंकरी देवी रेबारी, हेमा रेबारी, पूजा मेघवाल सहित किशोरी बालिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में क्लस्टर सुपरवाइजर शैफाली गुर्जर द्वारा कार्यक्रम का समापन किया गया।

Similar News