राजसमंद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर राजसमंद जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मनरेगा बचाओ जन आंदोलन के तहत आज कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और एमकेएसएस की मातृशक्ति मौजूद रही।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। मनरेगा में व्यापक स्तर पर बदलाव कर उसे वीबी जी राम जी नाम से लागू किया जा रहा है, जिसमें मनरेगा की मूल आत्मा का गला घोंटा जा रहा है। मजदूरों की लाइफ लाइन कहलाने वाली इस योजना को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी 45 दिवसीय आंदोलन कर रही है।
उन्होंने कहा कि गांव और वार्ड से शुरू हुआ यह आंदोलन अब जिला स्तर तक किया जा रहा है। इसके बाद आगामी दिनों में प्रदेश स्तर पर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है, जो लगातार जारी रहेगा।