भारी न पड़ जाए तेज रफ्तार का कहर, स्पीड ब्रेकर की उठी मांग

Update: 2024-05-27 15:30 GMT

बनेड़ा (केके भण्डारी) कस्बे में नवनिर्मित रोड पर गुजरने वाले वाहनों की स्पीड काफी अधिक बढ़ गई है। अभी हाल ही में कस्बे के माताजी खेड़ा चौराहे से लेकर नए बस स्टैंड तक नया रोड बनाया गया और नया रोड बनने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों की स्पीड बहुत ही ज्यादा बढ़ गई । अनेक लोग हाई स्पीड से अंधाधुंध वाहन चला रहे हैं।

मुख्य सड़क होने के साथ ही यह राजमार्ग भी है इस कारण 24 घंटे इस रोड से दुपहिया वाहन, चार पहिया वाहन, भारी वाहन, निजी और रोडवेज बस आदि निरंतर निकलते रहते हैं वही यह रोड आबादी क्षेत्र से भी गुजर रहा है ।इस रोड पर प्रमुख सरकारी विभाग जैसे पंचायत समिति, उपखंड कार्यालय, पीडब्ल्यूडी विभाग, खेल मैदान, पुलिस थाना, तहसील कार्यालय, राजकीय अस्पताल, पशु चिकित्सालय, सरकारी एवं निजी स्कूल और अनेक धार्मिक स्थान आदि हैं जिस कारण वाहनों की तेज रफ्तार से हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। कस्बे वासी सुबह और शाम को सैर के लिए भी इस रोड पर ही आते हैं। वहीं क्षेत्र का मुख्य खेल मैदान भी इस रोड पर ही होने से बच्चो और खिलाड़ियों की हमेशा आवाजावी रहती है इसलिए कस्बे वासियों ने इस रोड पर अति शीघ्र स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। हालांकि अधिकारियों से जब इस मामले में बात की गई तो उन्होंने भी शीघ्र ही स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया।

इनका कहना-

इस रोड पर स्पीड ब्रेकर बनने चाहिए । संबंधित अधिकारी को इसके लिए निर्देशित करता हूं

( श्रीकांत व्यास, उपखंड अधिकारी बनेड़ा )

यह रोड पीडब्ल्यूडी का नहीं है RSRDC के अधीन आता है ।

( शहजाद खान एईएन, पीडब्ल्यूडी बनेड़ा )

हां । इस बारे में बनेड़ा उपखंड अधिकारी महोदय का पत्र मिला है, शीघ्र ही उचित स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे ।

( संदीप झंवर, Xen RSRDC )

Similar News