शीतला माता के दर्शन कर लौट रहे परिवार को काल बनकर आई स्कॉर्पियो ने कुचला, 5 की मौके पर मौत

Update: 2026-03-27 08:41 GMT

 ग्वालियर/भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक रूह कँपा देने वाली खबर सामने आई है। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शीतला माता के दर्शन कर ऑटो से घर लौट रहे एक ही परिवार के मासूम बच्चों और महिलाओं सहित नौ लोगों को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बेरहमी से कुचल दिया। थाटीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे पर तड़के 3 बजे हुए इस भीषण हादसे में पाँच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है और खुशियों वाले घर में मातम पसर गया है।

भक्ति की राह में बिछ गई लाशें:

जानकारी के अनुसार, घासमंडी हजीरा और थाटीपुर सुरेश नगर निवासी एक ही परिवार के सदस्य ऑटो में सवार होकर देर रात शीतला माता मंदिर में माथा टेकने गए थे। माता रानी के दर्शन कर और सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगकर पूरा परिवार तड़के 3 बजे खुशी-खुशी घर वापस लौट रहा था। ऑटो अभी परशुराम चौराहे पर पहुँचा ही था कि पीछे से काल बनकर आई एक बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पाँच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

उजड़ गया पूरा कुनबा, मासूम हुए अनाथ:

इस वीभत्स हादसे में हजीरा निवासी इंद्रजीत शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला शाक्य (52), सुरेश नगर निवासी भतीजा शुभम शाक्य (30), शुभम की पत्नी शगुन शाक्य (25) और शगुन की माँ प्रीति शाक्य (60) की अकाल मृत्यु हो गई। एक झटके में हँसते-खेलते परिवार के पाँच चिराग बुझ गए। घायलों में शुभम के दो मासूम बेटे— आरव (6) और प्रियांश (5)— शामिल हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। इनके अलावा शुभम की बहन प्रीति (20) और ऑटो चालक राकेश भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जयारोग्य अस्पताल में चल रहा है।

नशे में धुत कार चालक गिरफ्तार:

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और क्षत-विक्षत शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दर्पण कॉलोनी निवासी कार चालक अमन शर्मा को स्कॉर्पियो सहित गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अत्यधिक नशे में लग रहा था। सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जाँच हर एंगल से की जा रही है। माता के दरबार से लौट रहे निर्दोष परिवार के साथ हुए इस खौफनाक हादसे ने सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Similar News

"देश में नहीं लगेगा लॉकडाउन, सप्लाई चेन रहेगी बरकरार": मिडिल ईस्ट संकट पर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ बड़ी बैठक:

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: : 28 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट