खाकी के आंगन में पसरा सन्नाटा-: आसींद डीएसपी के रीडर एएसआई कैलाशराम का निधन, एक सप्ताह में दूसरी बार भीलवाड़ा पुलिस ने खोया अपना जांबाज
भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा पुलिस महकमे के लिए शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद और मर्माहत करने वाली खबर लेकर आई। आसींद डीएसपी कार्यालय में रीडर के पद पर तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) कैलाशराम पलासिया (51) का जिला अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के असमय चले जाने से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत
मूलत: ब्यावर जिले के जवाजा (राज्यावास) निवासी कैलाशराम पिछले कुछ समय से आसींद में पदस्थापित थे। उनकी पत्नी भी आसींद में ही शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, 21 मार्च की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हुई थी। अगले दिन 22 मार्च को उन्हें आसींद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उल्टी-दस्त और शुगर लेवल बढऩे की गंभीर शिकायत के चलते उन्हें भीलवाड़ा जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। पिछले पांच दिनों से वे मौत से जंग लड़ रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
महकमे ने दी नम आँखों से विदाई
पोस्टमार्टम के पश्चात एएसआई कैलाशराम के पार्थिव देह को आसींद सीओ ऑफिस ले जाया गया। यहाँ पुलिस के आला अधिकारियों और जवानों ने अपने साथी को पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी। हर आँख नम थी और चेहरे पर एक अपनों को खोने का दर्द साफ झलक रहा था।
एक सप्ताह में दूसरा वज्रपात
भीलवाड़ा पुलिस के लिए यह हफ्ता दुखों का पहाड़ बनकर टूटा है। अभी कुछ दिन पहले ही करेड़ा थाने के चालक कांस्टेबल का थाना परिसर स्थित क्वार्टर में अचानक तबीयत बिगडऩे से निधन हुआ था। सात दिनों के भीतर दो पुलिसकर्मियों के आकस्मिक चले जाने से महकमे के अधिकारी और जवान स्तब्ध हैं।