सरकारी अफसर निकला करोड़पति, 7 साल में 8 गुना बढ़ी संपत्ति

Update: 2025-11-01 08:21 GMT

 

 जयपुर.केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग (CGST) के सहायक आयुक्त रतिराम मीणा की संपत्ति सात साल में आठ गुना बढ़ गई। सीबीआई ने शुक्रवार को उनके खिलाफ disproportionate assets (आय से अधिक संपत्ति) का मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि मीणा ने जयपुर और अहमदाबाद में पदस्थापन के दौरान अवैध तरीकों से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की।

सात साल में 51 लाख से बढ़कर 4 करोड़ की संपत्ति

जानकारी के अनुसार, अगस्त 2018 तक मीणा ने अपनी संपत्ति 51.73 लाख रुपये दर्ज कराई थी। लेकिन अगस्त 2025 तक यह बढ़कर 4.08 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। यानी सात वर्षों में संपत्ति करीब आठ गुना तक पहुंच गई। जांच के मुताबिक, उन्होंने लगभग 2.54 करोड़ रुपये की संपत्ति अवैध रूप से जुटाई, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 100 प्रतिशत अधिक है।

परिवार के नाम पर फर्म और कंपनियां

जांच में यह भी सामने आया कि मीणा ने पत्नी और बेटे के नाम पर कई फर्म, एलएलपी और कंपनियां चलाईं, जिनके माध्यम से अवैध धन को घुमाया गया। सीबीआई ने जयपुर, अंकलेश्वर (गुजरात) और अहमदाबाद स्थित ठिकानों पर छापे मारे, जहां से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए।

कई अचल संपत्तियां और लग्जरी वाहन मिले

एजेंसी को राजस्थान में मीणा और उनके परिवार के नाम कई अचल संपत्तियां मिली हैं। साथ ही उनके नाम पर लग्जरी वाहन भी पाए गए हैं, जिनमें एक पोर्श कार और जीप कम्पास शामिल हैं। दो बैंक लॉकर भी परिवार के सदस्यों के नाम पर हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

संपत्ति के स्रोतों की जांच जारी

सीबीआई ने बताया कि अधिकारी की संपत्ति और आय के अनुपात का विश्लेषण किया गया है, लेकिन उनकी ओर से यह वृद्धि संतोषजनक रूप से साबित नहीं की जा सकी। अब एजेंसी संपत्ति के मूल स्रोतों, फर्मों और बैंक खातों के ट्रांजेक्शन, लॉकरों की सामग्री तथा वाहन खरीद की जानकारी की गहन जांच कर रही है।  

Similar News

उदयपुर–असारवा को वन्दे भारत की सौगात: अब आमजन का सफर तेज़, 4 घंटे 15 मिनट में पहुँचेगी अहमदाबाद

कांस्टेबल की वर्दी दागदार,: तीन हजार की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा