जंग का चौथा दिन:: ईरान ने बंद किया 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज', दुनिया में तेल संकट गहराने का खतरा, अब तक 742 की मौत
तेहरान/वॉशिंगटन। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी भीषण जंग आज चौथे दिन में प्रवेश कर गई है। तनाव के चरम पर पहुँचते ही ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ने वाला बड़ा कदम उठाया है। ईरान ने दुनिया की तेल आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग, 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को बंद करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
दुनिया के तेल मार्ग पर ईरान का पहरा
IRGC के अधिकारी ने सरकारी टीवी पर चेतावनी देते हुए कहा कि अब कोई भी जहाज इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, तो उसे न केवल रोका जाएगा बल्कि निशाना भी बनाया जा सकता है। यह खबर भारत के लिए भी चिंताजनक है क्योंकि भारत की तेल आपूर्ति का लगभग 50% हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि रास्ता अभी बंद नहीं है।
खामेनेई की मौत के बाद भीषण तबाही, 176 मासूमों ने गंवाई जान
अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, जंग की शुरुआत से अब तक अमेरिका और इजराइल ने ईरान के 1000 से अधिक ठिकानों पर कहर बरपाया है।
भीषण बमबारी: शुरुआती 30 घंटों में ही 2000 से ज्यादा बम गिराए गए।
मौत का आंकड़ा: हमलों में अब तक 742 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 176 मासूम बच्चे शामिल हैं। 750 से अधिक लोग घायल हैं।
बड़ा नुकसान: 28 फरवरी को युद्ध के पहले ही दिन ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद से तनाव अनियंत्रित हो गया है।
अमेरिका ने दूतावासों से स्टाफ और परिवार हटाए
बढ़ते खतरों को देखते हुए अमेरिका ने जॉर्डन, बहरीन और इराक में तैनात अपने गैर-जरूरी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को तुरंत देश छोड़ने का आदेश दिया है। अमेरिका को आशंका है कि इन देशों में ईरान द्वारा ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा सकते हैं। अमेरिकी नागरिकों को भी जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।
इसी बीच सोमवार देर रात दुबई से एअर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट वहां फंसे यात्रियों को लेकर दिल्ली लैंड हुई। दुबई में फंसी भारतीय शटलर पीवी सिंधु भी लौटी हैं।
इसके अलावा सोमवार देर रात UAE से 4 फ्लाइट दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु पहुंचीं। अबू धाबी में फंसे भारतीयों ने देश लौटकर राहत की सांस ली। एक यात्री ने बताया अबू धाबी में हमारे होटल के पास ही धमाके हुए।इंडिगो सऊदी अरब के जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 स्पेशल फ्लाइट उड़ाएगी।
वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए उड़ान शुरू कर रही है। इस बीच, अबू धाबी की एतिहाद, दुबई की एमीरात और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा उड़ानें शुरू की हैं। अबू धाबी एयरपोर्ट से एतिहाद की 15 उड़ानें इस्लामाबाद, पेरिस, एम्सटर्डम, मुंबई, काहिरा, लंदन के लिए रवाना हुईं।
भारत में ईरान सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के विरोध जारी है। शिया समुदाय लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। जम्मू-कश्मीर का श्रीनगर आज लगातार दूसरे दिन बंद है। भारत सरकार ने सभी राज्यों को भड़काऊ भाषणों के लिए अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा को लेकर पिछले 48 घंटों में खाड़ी देशों के कई प्रमुखों से बात की। सबसे पहले उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
