दबंगों ने महादलितों के 80 घर फूंक दिये

By :  prem kumar
Update: 2024-09-19 09:49 GMT

 बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर इलाके में सुनियोजित तरीके से दबंगों ने महादलितों के घरों को फूंक दिया। गर्मी होने के कारण अधिकांश लोग घरों से बाहर थे। बताया जा रहा है कि दर्जनों लोगों ने गांव को घेर कर घरों में आग लगा दिया। आरोप है कि इस दौरान दबंगों द्वारा गोलीबारी भी की गई। घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। नदी के किनारे पर स्थित कृष्णा नगर की जमीन पर दो पक्षों द्वारा दावा किया जाता रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक जमीन मामले में कोर्ट में टाइटिल शूट चल रहा है। इसी बीच इस घटना को अंजाम दिया गया है।

दरअसल यह घटना नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर कृष्णा नगर टोले की है। इस महादलित टोला में लगभग 100 घरों से अधिक महादलित परिवार रहते है। ग्रामीणों के मुताबिक अचानक हुई घटना की वजह से लोग कुछ समझ नहीं पाए। दनादन गोलियों की आवाज सुनकर बस्ती में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि, यह घटना बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे की है, जब महादलित बस्ती में कई घरों में महिलाएं खाना बना रही थी। इस घटना में घर के जरूरी सामान जलकर खाक हो गए, वहीं इस आगजनी में कई मवेशियों के जलकर मरने की भी सूचना है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पंहुची फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं जिला प्रशासन की तरफ से टोला में पीड़ित परिवारों को खाने की सामग्री वितरित की गई।

घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार वर्मा ने कहा कि, घटना के बाद 10 लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस घटना की जांच पड़ताल जारी है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ प्रशासन कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी।

Similar News