श्री फेब टीएफओ प्लांट में हादसा, लिफ्ट टूटकर गिरी, तीन श्रमिक घायल, दो उदयपुर रेफर
भीलवाड़ा पुनीत । रीको क्षेत्र स्थित श्री फेब टीएफओ प्लांट में शुक्रवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार श्रमिक लिफ्ट से तीसरी या चौथी मंजिल से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। हादसे में तीन श्रमिक घायल हो गए, जिससे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिफ्ट में सवार श्रमिक नीचे आ रहे थे, तभी अचानक तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट असंतुलित होकर नीचे जा गिरी। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से अन्य कर्मचारी भी दहशत में आ गए।
ये तीन लोग हुये घायल
हादसे में मीना सुथार पत्नी बद्रीलाल और किशन पुत्र मोहनलाल बैरवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं बद्रीलाल पुत्र किशनलाल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जांच के आदेश
हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित विभागों में हडक़ंप मच गया। लिफ्ट में तकनीकी खराबी या रखरखाव में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर यह घटना गंभीर सवाल खड़े कर रही है।