चतरपुरा में परिवार पर जानलेवा हमला, लूटपाट और अभद्रता का आरोप, समाजजनों ने सख्त कार्रवाई की एसपी से की मांग
भीलवाड़ा। माण्डल थाना क्षेत्र के ग्राम चतरपुरा (भादू) में समाज की बेटी सीमा कंवर पुत्री जगदीश सिंह एवं उनके परिवार पर हुए जानलेवा हमले, लूटपाट और महिलाओं के साथ अभद्रता की घटना को लेकर श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। संस्थान ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संस्थान के अनुसार 1 फरवरी 2026 की रात्रि को करीब 25 से 30 नामजद एवं अन्य उपद्रवियों ने लाठियों, कुल्हाड़ियों और सरियों से लैस होकर जगदीश सिंह रावणा राजपूत के घर में जबरन प्रवेश किया। आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई तथा समाज की बहू-बेटियों के कपड़े फाड़कर उनकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया।
हमले में जगदीश सिंह पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जो वर्तमान में अस्पताल में जीवन और मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैं। आरोपियों ने घर से लगभग 8 तोला सोना और 4 लाख 45 हजार रुपये नकद लूट लिए तथा घर के सामान और दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया।
संस्थान ने सभी नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और फास्ट ट्रैक जांच की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।