भीलवाड़ा में मंत्राक्ष ध्यान शिविर का शुभारंभ, मुनि आदित्य सागर के सानिध्य में हजारों ने किया ध्यान
भीलवाड़ा |बुद्धि, शांति और शक्ति की वृद्धि, तनाव और व्यसन से मुक्ति तथा धन वैभव और संपत्ति में बढ़ोतरी के उद्देश्य से भीलवाड़ा में तीन दिवसीय मंत्राक्ष ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मुनि आदित्य सागर महाराज के सानिध्य में आरसी व्यास कॉलोनी स्थित गवर्नमेंट स्कूल ग्राउंड में आयोजित हो रहा है। शिविर के पहले दिन बुधवार सुबह 5:15 से 6 बजे तक ध्यान सत्र संपन्न हुआ।
हर आयु वर्ग के लोगों ने किया ध्यान
शिविर में मुनि आदित्य सागर महाराज ने बीजाक्षरों के माध्यम से ध्यान कराया। बड़ी संख्या में श्रावक श्राविकाएं, बच्चे और युवा ध्यान सत्र में शामिल हुए। पहले दिन का ध्यान सुख, शांति और शक्ति की वृद्धि विषय पर केंद्रित रहा। ध्यान सत्र के बाद प्रतिभागियों के लिए शंका समाधान का आयोजन भी किया गया।
उत्साह के साथ शामिल हुए श्रद्धालु
शिविर संयोजक अतुल जैन ने बताया कि पहले दिन लगभग 1500 लोगों ने मंत्राक्ष ध्यान शिविर में भाग लिया। मुनि श्री के मार्गदर्शन में मंत्रों और बीजाक्षरों के माध्यम से ऐसा ध्यान कराया गया, जिससे मन को शांति मिले और व्याकुलता दूर हो। उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा में पहली बार इस प्रकार का शिविर आयोजित हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है। गुरुवार को दूसरे दिन प्रतिभागियों की संख्या करीब 2000 तक पहुंचने का अनुमान है।
खुद के अंदर की ऊर्जा से खुद को ठीक करने का संदेश
शिविर में भाग लेने आईं डॉ. पूजा जैन ने बताया कि पहले दिन के ध्यान से शरीर और मन में अलग तरह की अनुभूति और सकारात्मक ऊर्जा महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि यह शिविर सिखाता है कि खुद पर ध्यान लगाकर आत्मविकास किया जा सकता है। दवाइयों से इलाज के साथ साथ अपने भीतर की ऊर्जा से भी खुद को स्वस्थ किया जा सकता है, इस विचार पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
देश भर से पहुंचे श्रद्धालु, बच्चों की भी रही भागीदारी
भोपाल से आए श्रद्धालु अनमोल जैन ने बताया कि यह उनका पहला मंत्राक्ष ध्यान शिविर है और अनुभव बेहद खास है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु मंत्रों के माध्यम से गहरी शांति महसूस कर रहे हैं। शिविर में बच्चों की भागीदारी भी बड़ी संख्या में देखने को मिली।
गुरुवार को शिविर के दूसरे दिन तनाव और व्यसन से मुक्ति विषय पर ध्यान कराया जाएगा, जबकि अंतिम दिन धन वैभव और संपत्ति में वृद्धि से संबंधित ध्यान मुनि आदित्य सागर महाराज के मार्गदर्शन में कराया जाएगा।
आध्यात्मिक आयोजनों और भीलवाड़ा की हर हलचल से जुड़े रहने के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर
