भारत विकास परिषद की भारत को जानो' प्रतियोगिता 29 को, 3.5 लाख विद्यार्थी लेंगे भाग
भीलवाड़ा, । भारत विकास परिषद 29 अगस्त, शुक्रवार को राजस्थान में 3.5 लाख विद्यार्थियों के लिए 'भारत को जानो' प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास और गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष अरविंद गोयल ने बताया कि यह प्रतियोगिता सरकारी और गैर-सरकारी, दोनों तरह के स्कूलों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग और स्थानीय अधिकारियों का सहयोग भी मिल रहा है। पूरे राजस्थान में परिषद की 252 शाखाओं के 15,000 से अधिक कार्यकर्ता इस आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं।
अखिल भारतीय संस्कार गतिविधि सदस्य मुकेश लाठी ने बताया कि यह प्रतियोगिता 2001 से राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। इसका लक्ष्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली अतीत और प्रगतिशील वर्तमान से जोड़ना है। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। यह प्रतियोगिता चार स्तरों पर होती है: शाखा, प्रांतीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय।
परिषद के सदस्यों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हर साल 15 लाख से ज्यादा छात्र भाग लेते हैं। 2.5 लाख से अधिक 'भारत को जानो' पुस्तकें भी वितरित की जाती हैं। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में देश के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना जगाना है।