
भीलवाड़ा । श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट की ओर से हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम में रविवार को रामनवमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। महा आरती एवं छप्पन भोग का प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा रामधाम जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो गया। ट्रस्ट अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मानसिंहका एवं उपाध्यक्ष हेमंत मानसिहका ने बताया कि दोपहर 12.15 बजे विशेष पूजन कर शाम को श्रद्धालुओं के घरों से लाए गए प्रसाद से छप्पन भोग लगाया गया। भगवान राम-रामेश्वरम की आकर्षक झांकी सजाई गई। इंदौर के कारीगरों की ओर से तैयार विशेष पोशाक धारण कराई गईं। रामनवमी पर नन्हे मुन्ने बच्चे राम, लक्ष्मण, हनुमान, वनवासी राम बने। ट्रस्ट के प्रवक्ता गोविंद प्रसाद सोडानी ने बताया कि शाम को 4 बजे रामधाम के संरक्षक क्रांतिकारी संत स्वामी अनंत देव के राम धाम आगमन पर स्वागत अभिनंदन किया गया। संत श्री के सानिध्य में साप्ताहिक रामायण पाठ हुआ। साप्ताहिक रामायण पाठ प्रभारी शिव प्रकाश लाठी ने बताया कि रामायण पाठ के अंतर्गत रामायण की चौपाइयों के सामूहिक गान, सामूहिक हनुमान चालीसा, रामायण पर अंत्याक्षरी, कीर्तन आदि हुए। स्वामी अनंत देव ने राष्ट्र विकास पर प्रवचन दिया। रामधाम में चल रहे रामचरितमानस नवाहन पारायण पाठ व यज्ञ सोमवार को भी सुबह 7.15 से 10 बजे तक चलेगा। इसके बाद नवरात्र अनुष्ठान की पूर्णाहुति सुंदरकांड पाठ के साथ होगी।