भीलवाड़ा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद दिग्विजय सिंह 14 फरवरी को भीलवाड़ा आएंगे। वे भीलवाड़ा, बनेड़ा और शाहपुरा में निजी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह के विशिष्ट सहायक और संयुक्त आयुक्त भूपेश गुप्ता ने उनके दौरे का कार्यक्रम जारी किया है।
पूर्व सीएम सिंह आज रात 7:40 बजे नई दिल्ली से चेतक एक्सप्रेस से रवाना होकर शनिवार सुबह 8:55 बजे भीलवाड़ा पहुंचेंगे। यहां सर्किट हाउस में विश्राम के बाद वे सुबह 10 बजे शाहपुरा के लिए रवाना होंगे। बनेड़ा राजपरिवार के सदस्य गोपाल चरण सिंह सिसोदिया ने बताया कि शाहपुरा दरबार जयसिंह के भाई शत्रुंजय सिंह का चार माह पूर्व निधन हो गया था, और तब पूर्व सीएम सिंह नहीं आ पाए थे। इस बार वे शाहपुरा दरबार जाकर संवेदना व्यक्त करेंगे।
पूर्व सीएम सिंह दोपहर 1:10 बजे शाहपुरा से रवाना होकर 2 बजे बनेड़ा पहुंचेंगे। यहां उन्हें राजपरिवार में अभिनंदन किया जाएगा। वे बनेड़ा राजपरिवार से जुड़े पूर्व सांसद स्व. हेमेंद्र सिंह के काकोसा और गोपाल चरण सिंह के दादोसा भी हैं।
शाम 4 बजे वे बनेड़ा से रवाना होकर 4:40 बजे भीलवाड़ा लौटेंगे। इसी दिन रात 11:10 बजे जयपुर-भोपाल ट्रेन से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष शिवराम खटीक ने बताया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का स्वागत करेंगे।