भीलवाड़ा-कोटा हाईवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को रौंदा, 3 मासूमों की मौत, पिता गंभीर
भीलवाड़ा । भीलवाड़ा-कोटा नेशनल हाईवे-27 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। बिजौलिया (भीलवाड़ा) की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस हादसे में दो सगे भाइयों और उनकी एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीमार बच्चे को डॉक्टर के पास ले जा रहा था परिवार
डाबी थाना प्रभारी हेमराज शर्मा के अनुसार, पराणा गांव निवासी मदन बंजारा अपने बेटे अंकित, बेटी सुमन और भतीजे करण को बाइक पर बैठाकर डॉक्टर के पास दिखाने डाबी ले जा रहे थे। इसी दौरान डाबी थाना क्षेत्र के दुधी कुड़ी कट पर बिजौलिया की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
हादसे के बाद हाईवे पर मचा कोहराम
मासूमों की मौत: हादसे में 8 से 10 साल की आयु के तीनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।पिता की हालत गंभीर: मदन बंजारा को गंभीर हालत में कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक्सीडेंट के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया और शवों को उठाने से इनकार कर दिया। डाबी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने और समझाइश का प्रयास किया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
