विधानसभा में विधायक कोठारी ने उठाया रोडवेज बसों और डिपो के आधुनिकीकरण का मुद्दा

Update: 2026-02-13 13:05 GMT

 

भीलवाड़ा  । भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने राजस्थान विधानसभा में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की कार्यप्रणाली, बसों की उपलब्धता और भीलवाड़ा रोडवेज डिपो के आधुनिकीकरण को लेकर प्रश्न कर पटल पर जवाब मांगे है ।

विधायक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा से प्रतिदिन 25 हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन रोडवेज बसों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण यात्रियों का रुझान निजी वीडियो कोच और वातानुकूलित बसों की ओर बढ़ रहा है।

विधानसभा के पटल पर प्रश्न रखते हुए विधायक कोठारी ने परिवहन मंत्री जवाब मांगा कि बजट वर्ष 2024-25 में भीलवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज बस डिपो को आधुनिक सुविधायुक्त बनाने की घोषणा की गई थी। प्रदेश के 10 डिपो का चयन भी किया गया, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी भीलवाड़ा बस स्टैंड की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने अब तक हुए कार्यों का प्रगति विवरण सदन की मेज पर रखने की मांग की।

विधायक कोठारी ने मार्च 2020 में भीलवाड़ा रोडवेज डिपो में उपलब्ध बसों की संख्या तथा दिसंबर 2025 तक की स्थिति का वर्षवार और श्रेणीवार (लग्जरी व नॉन-लग्जरी) विवरण मांगा। साथ ही यह भी पूछा कि वर्तमान में डिपो में कुल कितनी बसें संचालित हो रही हैं।

उन्होंने प्रश्न किया कि क्या सरकार द्वारा वर्ष 2019 से अब तक अत्याधुनिक वॉल्वो एवं अन्य वातानुकूलित लग्जरी बसों की खरीद की गई है? यदि हां, तो कितनी बसें खरीदी गईं और किन-किन डिपो को आवंटित की गईं ।इसका पूरा विवरण सदन की मेज पर रखा जाए।

कोठारी ने यह भी जानना चाहा कि प्रदेश में आमजन को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक कितनी नई बसें उपलब्ध कराई गईं ? इसका जिलेवार विवरण भी प्रस्तुत करे।

विधायक कोठारी ने कहा कि भीलवाड़ा जैसे औद्योगिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर में आधुनिक बस स्टैंड और पर्याप्त लग्जरी व सेमी लग्जरी बसों की व्यवस्था समय की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।

Similar News