सूचना केंद्र पर परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का सार्वजनिक आयोजन, विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री का संवाद

Update: 2026-02-06 06:59 GMT

भीलवाड़ा। राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र मार्ग द्वारा परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के नौवें एपिसोड का सार्वजनिक आयोजन शहर के सूचना केंद्र पर किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों से किए गए संवाद को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं आमजन ने रुचिपूर्वक सुना।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने परीक्षा से जुड़े तनाव, पढ़ाई के तरीकों और आत्मविश्वास बढ़ाने से संबंधित विषयों पर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान बताए गए, जिससे उपस्थित छात्रों को मार्गदर्शन मिला।

अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा भीलवाड़ा कैलाश सुथार ने बताया कि इस प्रकार के संवाद से बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों में व्याप्त मानसिक तनाव कम होता है और वे पढ़ाई पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। साथ ही शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक बनाने की प्रेरणा मिलती है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने कहा कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार करता है, जो पूरे देश के छात्रों के लिए लाभकारी है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुवाणा रामेश्वर प्रसाद जीनगर ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के जीवन और कौशल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।

कार्यक्रम में शिक्षक सुरेंद्र सिंह मीणा, सुरेंद्र सिंह चौहान, सत्येंद्र माली, दिनेश कुमार शर्मा, रेखा शर्मा एवं शारीरिक शिक्षक ज्योति खटीक ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Tags:    

Similar News