झुंझुनूं। जिले के नवलगढ़ कस्बे के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बड़ा गोल्ड घोटाला सामने आया है। आरोप है कि बैंक के तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ने दो अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर स्ट्रांग रूम में रखे गोल्ड सेफ से करीब 6.50 करोड़ रुपए कीमत के चार किलो से अधिक वजन के सोने के आभूषण निकाल लिए।
इस मामले में बैंक के वर्तमान वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने नवलगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। सिहाग ने 30 जनवरी को ही शाखा का कार्यभार संभाला था और निरीक्षण के दौरान अनियमितता सामने आने पर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्राथमिक जांच के अनुसार ग्राहकों को दिए गए गोल्ड लोन के बदले स्ट्रांग रूम में सैकड़ों पैकेट रखे हुए थे। इनमें से 73 पैकेटों में रखे असली सोने के आभूषण निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए, जबकि तीन पैकेटों में रखे आभूषणों का वजन कम पाया गया। बैंक की आंतरिक जांच में कुल 4198 ग्राम सोना कम मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। चोरी की वास्तविक मात्रा का खुलासा विस्तृत जांच के बाद होगा।
पुलिस ने इस मामले में तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार पुत्र मातादीन निवासी सीथल, बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट संतोष कुमार सैनी पुत्र महावीर प्रसाद सैनी निवासी बाजीवाली ढाणी झाझड़ तथा उप प्रबंधक अनंतप्रकाश चौधरी पुत्र ओमप्रकाश निवासी मुकुंदगढ़ के खिलाफ धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।