स्पाइसजेट फ्लाइट SG-651 जयपुर से मुंबई छह घंटे लेट, यात्रियों में हंगामा
जयपुर|जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 651 करीब छह घंटे देरी से संचालित हुई। अचानक फ्लाइट का समय बदले जाने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और एयरलाइंस पर मनमानी का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट की यह फ्लाइट शाम 6 बजकर 15 मिनट पर जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होनी थी। यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन अंतिम समय में फ्लाइट का समय बदलकर रात 12 बजकर 30 मिनट कर दिया गया। लंबे इंतजार के कारण यात्रियों को ठंड में घंटों एयरपोर्ट पर बैठना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि देरी की स्पष्ट जानकारी समय पर नहीं दी गई और न ही पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें सर्द मौसम में भूखे प्यासे रखा गया, जिससे नाराजगी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले में स्पाइसजेट एयरलाइंस की ओर से बयान जारी किया गया। एयरलाइंस ने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते फ्लाइट में देरी हुई। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रिफ्रेशमेंट और भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था भी की जा रही है।
एयरलाइंस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी प्राथमिकता है और स्थिति सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि देर रात तक कई यात्री एयरपोर्ट पर परेशान नजर आए और फ्लाइट के समय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही।
