पाली के सुमेरपुर थाने में युवक ने एसिड जैसा पदार्थ पिया, हालत गंभीर

Update: 2026-02-15 08:15 GMT

पाली जिले के सुमेरपुर सदर थाना परिसर में शनिवार देर शाम एक 25 वर्षीय युवक ने एसिड जैसा पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2025 को एक विवाहिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामले में पुलिस विवाहिता और उसे साथ ले जाने वाले सिरोही निवासी 25 वर्षीय युवक को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद थे।

थाने में पूछताछ के दौरान विवाहिता ने अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा जताई। पुलिस ने उसकी इच्छा के अनुसार उसे परिजनों के साथ भेज दिया। बताया जा रहा है कि महिला को उसके परिजनों के साथ भेजे जाने से युवक नाराज हो गया।

कुछ देर बाद युवक थाना परिसर के बाथरूम में गया और बाहर आकर बताया कि उसने वहां रखी बोतल में मौजूद एसिड जैसा पदार्थ पी लिया है। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत सुमेरपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पाली रेफर किया गया। पाली में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जोधपुर के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Similar News