डॉ. मोहम्मद बने भारतीय गौरव प्रतिभा सम्मान 2026 के हकदार

Update: 2026-02-09 06:48 GMT

शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी शाहपुरा के ‘मिस्टर बियर्डमैन’ के नाम से मशहूर और नगर पालिका के निवर्तमान पार्षद डॉ. मोहम्मद इशाक को भारतीय गौरव प्रतिभा सम्मान–2026 से सम्मानित किया गया। जयपुर की जीवन जागृति सेवा संस्थान की ओर से यह सम्मान एक वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें कला, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।

डॉ. इशाक ने दाढ़ी और मूंछ को कला का रूप देकर शाहपुरा का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वे स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार जीत चुके हैं। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में आयोजित मूंछ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने एक बार फिर अपनी अलग पहचान साबित की।

बताया जाता है कि भारत में फंकी और डिजाइनर बियर्ड स्टाइल को पहचान दिलाने वाले डॉ. इशाक पहले व्यक्ति हैं। उनके प्रयासों के बाद ही देशभर की प्रतियोगिताओं में इस श्रेणी को अलग कैटेगरी के रूप में शामिल किया गया। राजस्थानी कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने तथा नए कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से गत वर्ष शाहपुरा बियर्ड क्लब की भी स्थापना की गई।

कला के साथ-साथ डॉ. इशाक समाज सेवा और राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वे शाहपुरा नगर पालिका में लगातार 10 वर्षों तक पार्षद रहकर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे। इसके अलावा वे सैफ अली खान अभिनीत फिल्म लाल कप्तान में एक छोटे ग्रुप रोल में भी नजर आ चुके हैं।

Similar News