भीलवाड़ा: जाट समाज ने लिया ऐतिहासिक निर्णय, विवाह में 5 लाख रुपये से अधिक के आभूषणों पर लगेगा प्रतिबंध

Update: 2026-02-05 14:28 GMT

 भीलवाड़ा। मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में विवाह में दिए जाने वाले आभूषणों की सीमा तय करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। बैठक में भीलवाड़ा जिले की 16 तहसीलों के पंच-पटेल और समाज के प्रबुद्ध जनों ने सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया कि अब सगाई और विवाह के दौरान वर पक्ष द्वारा वधू पक्ष को अधिकतम 5 लाख रुपये तक के सोने-चांदी के आभूषण दिए जा सकेंगे।

जिलाध्यक्ष रामेश्वर लाल जाट ने बताया कि बढ़ती महंगाई और आभूषणों की भारी कीमतों के कारण गरीब परिवारों पर अत्यधिक आर्थिक दबाव पड़ता है। समाज को इस प्रतिस्पर्धा और कर्जबाजी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। निर्धारित सीमा से अधिक आभूषण पहनाने पर सामाजिक प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर समाज द्वारा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस नियम को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रत्येक तहसील और गांव स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और जल्द ही विशेष निगरानी कमेटी का गठन किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता महासभा के संरक्षक जगदीश चंद्र चौधरी ने की और जिला अध्यक्ष रामेश्वर लाल जाट (एडवोकेट) ने बैठक का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न तहसीलों के अध्यक्षों और युवा प्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी उपस्थित समाजजनों ने हाथ उठाकर इस ऐतिहासिक निर्णय का पुरजोर समर्थन किया।

Similar News