पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय पखवाड़ा शिविर में लापरवाही पर ग्राम विकास अधिकारी को चार्जशीट
राजसमंद । जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने रेलमगरा पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम पंचायत काबरा के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 16 के अंतर्गत चार्जशीट सौंपी है।
चार्जशीट में वर्णित आरोप पत्र अनुसार ग्राम विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत काबरा में गुरुवार 26 जून को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा शिविर के दौरान शिविर से सम्बन्धित किसी प्रकार की व्यवस्था सुचारु रुप से नहीं की गई। साथ ही ग्राम पंचायत काबरा के अधीनस्थ समस्त राजस्व गांवों में प्रचार-प्रसार कर ग्राम वासियों को शिविर की जानकारी नहीं दी गई।
विकास अधिकारी एक दिन पूर्व सुनिश्चित करें व्यवस्थाएं :कलक्टर
शुक्रवार को जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने समस्त पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को दिए हैं कि एक दिन पूर्व ही शिविर स्थल पर पहुंची कर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो। कलक्टर ने निर्देश दिए हैं कि शिविर स्थलों पर बैठक, समुचित स्थान, पेयजल व सभी अन्य समुचित व्यवस्थाएं विकास अधिकारी स्वयं एक दिन पूर्व ही सुनिश्चित करें।