राजसमंद कलक्टर की अध्यक्षता में पंच गौरव कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित
राजसमंद। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में बुधवार को पंच गौरव कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंच गौरव जिला स्तरीय समिति के सदस्य अधिकारी उपस्थित रहे। पंच गौरव कार्यक्रम के सुचारू संचालन, विभागीय समन्वय और जिले की कार्ययोजना के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सदस्य सचिव आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक बिन्दु चौधरी ने बताया कि जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि पंच गौरव प्रोत्साहन के लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी जिला स्तरीय कार्य योजना तैयार की जाए तथा जिले में उपलब्ध बजट राशि के अनुरूप विभिन्न प्रस्तावित कार्यों पर व्यय के लिए अनुमोदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने कार्यक्रम की प्रगति की सतत समीक्षा करने तथा प्रचार-प्रसार के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत "एक जिला-एक उपज" योजना के तहत जिले में सीताफल को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा, "एक जिला-एक वनस्पति प्रजाति" के अंतर्गत नीम को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा, "एक जिला-एक उत्पाद" योजना में मार्बल एवं ग्रेनाइट को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा, "एक जिला-एक पर्यटन स्थल" में कुम्भलगढ़ को पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा तथा "एक जिला-एक खेल" के तहत हॉकी को खेल एवं युवा मामलात विभाग द्वारा नोडल एजेंसी के रूप में क्रियान्वित किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों से समयबद्ध कार्य योजना प्रस्तुत करने तथा कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।