नाथद्वारा में शहर चलो अभियान के तहत लगा प्री कैंप

By :  vijay
Update: 2025-09-04 14:44 GMT

राजसमंद । राज्य सरकार द्वारा प्राप्त निर्देशों की पालना में गुरुवार को नाथद्वारा में "शहर चलो अभियान-2025" को लेकर जनजागृति हेतु प्री-केम्प का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, उपखण्ड अधिकारी रक्षा पारीक, नगरपालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिन्दल आदि की उपस्थिति रही।

जिला कलक्टर द्वारा आमजन को अभियान की जानकारी प्रदान की गई। इसी दौरान आई.सी.आई.सी.आई. बैंक द्वारा अपनी सी.एस.आर. योजना के अंतर्गत नगरपालिका नाथद्वारा को स्वच्छता के लिए सहयोग स्वरूप लगभग 35 लाख की लागत के 5 कचरा संग्रहण वाहन भेंट किए गए। बैंक प्रतिनिधियों का सम्मान कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना "एक पेड़ माँ के नाम" के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भागीदारी की।

शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई कर्मचारी राजु घाँवरी, झालम चन्द, चन्दु/बाबुलाल, बालमुकुन्द, संयज गहलोत को सम्मानित किया गया। साथ ही गृह रक्षक कुंज बिहारी को अधिवार्षिक आयु पूर्ण करने पर सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी प्रदीप काबरा, प्रवीण जोशी, परेश सोनी, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक प्रतिनिधि, पालिका कर्मचारी एवं नागरिक आदि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा 15 सितम्बर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक “शहर चलो अभियान-2025” का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य जैसे साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट रिपेयर एवं नई लाइटें लगाना, टूटे फेरोकवर व क्रॉस की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट सुधार, सड़कों पर पेच वर्क, सार्वजनिक पार्कों एवं शौचालयों की साफ-सफाई व मरम्मत तथा सीवरेज कनेक्शन व रिपेयर आदि कार्य किए जाएंगे।

इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर कार्यालय में लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टों का वितरण (स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69ए, कृषि भूमि), भू-उपयोग परिवर्तन, खाचां भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीयन, उप-विभाजन/एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्व-निधि योजना एवं प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन तथा एसबीएम 2.0 अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण हेतु आवेदन भी आमजन से प्राप्त किए जाएंगे।

नगर परिषद द्वारा उक्त शिविरों की तैयारी हेतु समस्याओं की पहचान करने एवं आवेदन प्राप्त करने के लिए वार्डवार अभियान पूर्व तैयारी कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है।

Similar News