राजसमंद (राहुल आचार्य) | भीम उपखंड मुख्यालय पर दिनदहाड़े बड़ी वारदात सामने आई है। तहसील कार्यालय से महज 100 मीटर और पुलिस थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर अज्ञात बदमाश 10 लाख रुपए नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, छीपाला ग्राम निवासी भूपेंद्र सिंह (30) भारतीय सेना में जवान हैं और छुट्टियों में गांव आए हुए थे। उन्होंने सोमवार दोपहर बरार में प्लॉट खरीदने के लिए भारतीय स्टेट बैंक, भीम शाखा से 10 लाख रुपए का लोन लिया था। बैंक से रुपए निकालने के बाद वे अपने साथी राजेंद्र सिंह निवासी देवडूंगरी के साथ तहसील कार्यालय के पास पहुंचे। कार में बैग रखकर वे रजिस्ट्री टाइप करवाने कंप्यूटर सेंटर गए। मात्र 10 मिनट बाद लौटे तो कार का शीशा टूटा मिला और बैग गायब था।
सूचना पर डीएसपी परसाराम चौधरी सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए 5 टीमें गठित की हैं। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने तहसील व पुलिस थाने के पास हुई इस बड़ी चोरी पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।