राजसमंद: भारी बारिश से फुलसागर तालाब फुटने का खतरा, प्रशासन ने चार गांव खाली कराए

By :  vijay
Update: 2025-09-07 17:10 GMT

राजसमंद राहुल |जिले में दो दिन से हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भीम उपखंड की कुकरखेड़ा पंचायत स्थित फुलसागर तालाब में पानी लबालब भर जाने और पाल के क्षतिग्रस्त होने से तालाब टूटने का खतरा मंडराने लगा। शनिवार शाम को स्थिति गंभीर होती देख पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा और चार गांवों को एहतियातन खाली करा दिया।

भीम तहसीलदार मनोज कुमार ने बताया कि बरार और कुकरखेड़ा क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण बड़ा तालाब ओवरफ्लो हो गया और स्टेट हाईवे तक पानी पहुंच गया। इसी बीच कालेटरा गांव में स्थित फुलसागर तालाब भी लबालब हो गया और उसकी पाल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।

एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग, पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर तैनात हो गई। तालाब फुटने से प्रभावित होने वाले गांवों आपातो का बाड़िया, ओडिया, मोड़ा काकर और गोमा का बाड़िया के करीब 610 लोगों को सुरक्षित निकालकर सरकारी स्कूलों, सामुदायिक भवनों और अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, एएसपी महेंद्र पारीक, डीएसपी पारस चौधरी सहित कई अधिकारी पूरी रात मौके पर डटे रहे। मिट्टी व रेत के कट्टे डालकर तालाब की पाल को मजबूत किया गया। राहत की बात यह रही कि रात से बारिश थम गई, जिससे पानी की आवक कम हो गई और फिलहाल खतरा टल गया है।

प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस व एसडीआरएफ टीमें अब भी मौके पर तैनात हैं।

Similar News