राजसमंद। पशुपालन विभाग, राजसमंद द्वारा पांच दिवसीय जिला स्तरीय समेलिया महादेव पशुमेला कुरज 2026 का आयोजन 2 फरवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। मेला न्याती पेवेलियन मैदान, बस स्टैंड, कुरज, रेलमगरा में आयोजित होगा। पशुपालकों और आमजन के लिए यह मेला पशु प्रदर्शन, प्रतियोगिता, क्रय-विक्रय और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा।
मेले के अंतर्गत पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। 2 फरवरी को देशी गौवंश (नर एवं मादा) प्रतियोगिता, 3 फरवरी को भैंस वंश (नर एवं मादा) प्रतियोगिता आयोजित होगी। 4 फरवरी को उष्ट्र वंश, भेड़ वंश एवं बकरी वंश (नर एवं मादा) की प्रतियोगिताएं होंगी। 5 फरवरी को अश्व वंश (नर एवं मादा) तथा बछेरा-बछेरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता पशुओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
मेले के दौरान पशुओं का क्रय-विक्रय, सांस्कृतिक संध्या एवं खेल-कूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विशेष आकर्षण के रूप में 6 फरवरी 2026 को अश्व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पशुपालक 2 फरवरी 2026 को अपने पशुओं के साथ मेला स्थल पर उपस्थित होकर पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के समय बैंक खाते का विवरण साथ लाना अनिवार्य होगा। मेला स्थल पर प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु लाए गए पशुओं के चारे और पानी की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि पशुओं को बांधने, खिलाने-पिलाने एवं दुग्ध निकालने हेतु रस्सा, बाल्टी आदि की व्यवस्था प्रतिभागी पशुपालकों को स्वयं करनी होगी।